-सता रहा था साल बर्बाद होने का डर, 50 फीसदी से ज्यादा सीटें अब भी खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आईटीआई संस्थानों में दाखिले की अंतिम तारीख बढ़ाए जाने के फैसले से छात्रों को राहत मिली है। पिछले कई दिनों से आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण बड़ी संख्या में छात्र आवेदन करने से चूक गए थे। इस फैसले के बाद से ही दोबारा दाखिले की प्रक्रिया को समझने और फॉर्म भरने के लिए युवा जिले के अलग-अलग संस्थानों में पहुंचने लगे हैं। छात्रों ने बताया कि 15 जून तक आवेदन नहीं कर पाने के बाद सिर्फ तारीख बढ़ने का विकल्प ही बचा था। अब तारीख बढ़ने से बेहद खुश हैं और जल्द से जल्द आवेदन का प्रयास कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को एनआईटी और ओल्ड फरीदाबाद स्थित मुख्य आईटीआई सहित तिगांव, फतेहपुर बिल्लौच और ऊंचा गांव सहित अन्य केंद्रों पर छात्र फिटर, इलेक्ट्रीशियन, और प्लंबर जैसी लोकप्रिय ट्रेडों की जानकारी लेने और काउंसलिंग के लिए पहुंचने लगे। एनआईटी फरीदाबाद आईटीआई के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि जिले के कुल नौ आईटीआई संस्थानों में 2180 सीटें हैं, जिनमें से 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटें अब भी खाली पड़ी हैं। उन्होंने बताया कि यदि अगले 11 दिनों में ये सीटें नहीं भरती हैं, तो विभाग की ओर से तारीखों में एक बार फिर से बढ़ोतरी की जा सकती है।
बातचीत
साइट क्रैश होने की वजह से मैं आखिरी दिन फॉर्म नहीं भर पाया था। डर था कि पूरा साल बर्बाद हो जाएगा, लेकिन अब तारीख बढ़ने से बहुत बड़ी राहत मिली है।- अनस खान, विद्यार्थी
तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेड चुनने का विकल्प ही नहीं आ रहा था। मैं बेहद परेशान था, पर विभाग के इस फैसले से हम जैसे सैकड़ों छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो गया है।- सन्नी सिंह, विद्यार्थी
तारीख बढ़ने की खबर सुनते ही मैं आज ही संस्थान पहुंचा हूं। अब बस जल्द से जल्द दाखिला हो जाए।-पुनीत, विद्यार्थी
कई दिन से आवेदन कर रहा था, पर तकनीकी गड़बड़ी की वजह से आवेदन नहीं हो पा रहा था। अब तारीख बढ़ने के बाद दोबारा से प्रयास करूंगा।- अजीत, विद्यार्थी