-राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड को लेकर तैयारियां शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। मैथमेटिक्स रिसर्च फाउंडेशन राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड का आयोजन करने जा रहा है। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने स्कूलों को लेटर जारी कर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जिले में पहली से 12वीं क्लास तक के करीब 80 हजार छात्र हैं। हमारी कोशिश है कि शहर के ज्यादा से ज्यादा बच्चे इस नेशनल लेवल के एग्जाम में बैठें। इस ओलंपियाड में भाग लेने के लिए प्रति छात्र 150 रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस रखी गई है। पहली और दूसरी क्लास के बच्चों का सिर्फ एक टेस्ट होगा। वहीं तीसरी से 12वीं के बच्चों के लिए दो राउंड होंगे। पहले राउंड में 70 प्रतिशत या उससे ज्यादा नंबर लाने वाले छात्र अगले राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगे।
नकद इनाम और मेडल भी जीतेंगे हमारे बच्चे
नेशनल लेवल पर टॉप करने वाले बच्चों को द आर्यभट्ट अवार्ड के साथ 5100 रुपये तक का नकद प्राइज और सर्टिफिकेट मिलेगा। इसके अलावा स्कूल लेवल पर भी अच्छा नंबर लाने वाले बच्चों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल दिए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के किसी स्कूल से 200 से ज्यादा बच्चे इस परीक्षा में हिस्सा लेते हैं, तो वहां के प्रिंसिपल और मैथ्स टीचर को भी द भास्कराचार्य अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
छात्रों के पास राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका है। इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।-धर्मेंद्र अधाना, जिला गणित विशेषज्ञ