संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिलेभर के कॉलेजों और आईटीआई संस्थानों में इस समय उद्यमिता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए-नए स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप आइडियाज के लिए प्रेरित करना है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नवाचार और रचनात्मकता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस पखवाड़े में सेक्टर-16 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, बल्लभगढ़ का अग्रवाल कॉलेज और ओल्ड फरीदाबाद स्थित महिला आईटीआई जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं। कार्यक्रम की शुरुआत स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता से हुई। इसकी थीम भारत में उद्यमशीलता की भावना का जश्न रखी गई थी। प्रतियोगिता में 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर हिंदी और अंग्रेजी में अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने उद्यमिता से जुड़े संदेशों को संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
आयोजन के दौरान उच्च जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनिधि ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां युवा पीढ़ी को आत्मविश्वासी बनाने के साथ-साथ उन्हें नई दिशा भी प्रदान करती हैं। यह पखवाड़ा आगामी चार सितंबर तक जारी रहेगा।