बल्लभगढ़। बाजार में स्कूटी का पहिया पैर पर चढ़ने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने 11वीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। गांव पन्हेड़ा निवासी 18 वर्षीय फरान गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपनी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए।
यह घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे हुई। फरान अपने दोस्त के साथ बाइक लेने के लिए बाजार में पैदल जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां से गुजरे और स्कूटी का पहिया फरान के पैर पर चढ़ गया। फरान ने युवकों को टोका, जिसके बाद उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने अपनी स्कूटी की सीट से चाकू निकाल लिया। उन्होंने फरान को पकड़कर उसके कूल्हे के पास चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले में फरान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमले के बाद घायल फरान को पहले बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीके नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। बीके अस्पताल में उपचार के बाद छात्र को आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। संवाद