- 3 मार्च को बोर्ड परीक्षा देने के बाद हुई वारदात
- डबुआ थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ थाना इलाके के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 12वीं की छात्रा से किशोर सहपाठी ने दोस्ती करने का दबाव बनाकर छेड़छाड़ की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी किशोर ने छात्रा को पीटा और मारने की धमकी दी। डबुआ थाना पुलिस ने किशोर के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को मामले में शिकायत 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 17 साल की किशोरी की मां ने दी है। महिला का कहना है कि बेटी की क्लास में साथ पढ़ने वाला किशोर बीते कई दिन से बेटी को दोस्ती करने के लिए परेशान कर रहा था। 3 मार्च को छात्रा बोर्ड परीक्षा के लिए गई तो आरोपी ने उस पर दोस्ती करने को लेकर दबाव बनाया। आरोप है कि परीक्षा के बाद आरोपी ने किशोरी को रोका और शरीर को छूने लगा। छात्रा ने विरोध जताया तो आरोपी ने उसे गाली दी और थप्पड़ व घूसे मारे। साथ ही छात्रा के बाल पकड़कर सिर दीवार में मार दिया। इससे छात्रा को मुंह, आंख व सिर पर चोट लगी। छात्रा ने घर जाकर इस बारे में बताया तो मामला पुलिस तक पहुंचा। डबुआ थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।