फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: मजबूत सड़कों, ओपन जिम और बेहतर सीवर व्यवस्था से बदलेगी एनआईटी की तस्वीर

विज्ञापन
विज्ञापन
क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से पांच विकास परियोजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी के एनआईटी क्षेत्र के निवासियों को राहत और विकास की नई सौगात मिलने जा रही है। क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से पांच विकास परियोजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा। इनमें सड़क निर्माण, पार्कों का सौंदर्यीकरण, ओपन जिम की स्थापना और सीवर व्यवस्था की मरम्मत के साथ ग्रीन बेल्ट का विकास शामिल है। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देना, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

एनआईटी क्षेत्र की सड़कों और गलियों का कायाकल्प किया जाएगा। वार्ड नंबर 13 में दो प्रमुख सड़कों का पुनर्निर्माण आरएमसी एम-25 ग्रेड से किया जाएगा। इस उच्च गुणवत्ता वाले मिश्रण से सड़कें अधिक टिकाऊ बनेंगी और गड्ढों की समस्या समाप्त होगी। इससे क्षेत्र में यातायात सुचारू होगा और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
विज्ञापन


वहीं वार्ड नंबर 9 (जवाहर कॉलोनी) की गलियों को पक्का करने का काम भी शुरू किया जा रहा है। वहीं कई गलियों में सीमेंट कंक्रीट फुटपाथ तैयार होंगे। इससे बरसात के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या खत्म होगी और लोगों को स्वच्छ व सुविधाजनक मार्ग मिल सकेगा। इस निर्माण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी इसके साथ ही लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा।



ओपन जिम और पार्क से सुविधा के साथ मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
वार्ड नंबर 8 (अग्रवाल बूस्टिंग डिवीजन-1) में सुंदर पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसमें ओपन जिम की सुविधा दी जाएगी ताकि स्थानीय निवासी अपने आसपास ही व्यायाम कर सकें। पार्क में सजावटी सामान, एफआरपी गार्डन सिटिंग बेंच और डस्टबिन लगाए जाएंगे। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी लाभ मिलेगा साथ ही पार्क आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। एनआईटी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में ओपन जिम और हरित स्थल की सुविधा लोगों को एक स्वच्छ और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगी।

सीवर मैनहोल की मरम्मत से जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान

वार्ड नंबर 1 (राजीव कॉलोनी) में सीवर मैनहोलों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इन मैनहोल कवरों की ऊंचाई सड़कों के स्तर के अनुरूप की जाएगी ताकि दुर्घटनाओं की संभावना न रहे। वहीं बारिश के समय पानी तेजी से सीवर लाइन में उतर जाए और लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

आपको बताते चलें कि रात के समय खुले या सड़क से नीचे बने मैनहोल हादसे का कारण बनते हैं। इस परियोजना से सड़क हादसों पर रोक लगेगी व सीवर प्रणाली के बेहतर संचालन से गंदगी और बदबू की समस्या से भी निजात मिल पाएगी। वहीं राजीव कॉलोनी की टूटी सड़कों को भी ठीक किया जाएगा।

लोगों के जीवन स्तर में होगा सुधार
एनआईटी में करोड़ों की विकास योजना सड़क गली व सीवर के कार्य तक सीमित नहीं है। यह कार्य जनजीवन को सीधे प्रभावित करने वाला कदम है। सड़कों से लेकर सीवर तक, पार्कों से लेकर ओपन जिम तक सभी कार्य नागरिकों को सीधा लाभ प्रदान करेंगे।

बदलेगी एनआईटी की तस्वीर
इन कार्यों के पूरे होने पर एनआईटी क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। नालियों और सड़कों के बेहतर रखरखाव से प्रदूषण कम होगा, पार्कों के निर्माण से हरियाली और ताजगी बढ़ेगी। स्थानीय लोगों को स्वस्थ में भी काफी सुधार की संभावना जताई जा रही है।

निगम अधिकारी करेंगे निगरानी
निगम अधिकारियों का कहना है कि इन सभी कार्यों की निगरानी नियमित रूप से की जाएगी ताकि गुणवत्ता और समय सीमा का पालन सुनिश्चित किया जा सके। यह पहल स्वच्छता और जीवनस्तर सुधार के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन


फरीदाबाद के विकास के लिए निगम की तरफ से तेजी से काम किया जा रहा है। जल्द ही इन सभी परियोजनाओं का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। - नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें