संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने मंगलवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में महिलाओं से संबंधित मामलों की जन सुनवाई की। इस दौरान पहले से दर्ज 18 मामलों के साथ-साथ 3 नए मामलों को भी रिकॉर्ड में शामिल कर सुनवाई की गई।
रेणु भाटिया ने बताया कि ज्यादातर मामले घरेलू हिंसा, वरिष्ठ महिला नागरिकों के अधिकारों और तलाक संबंधी विवादों से जुड़े थे। तलाक के मामलों में संबंधित जांच अधिकारियों (आईओ) को आपसी सहमति के आधार पर काउंसलिंग करने के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जन सुनवाई के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि महिला आयोग आर्य समाज के नाम पर अवैध विवाह पंजीकरण करने वाले संस्थानों पर सख्त कदम उठाने जा रहा है। इसके लिए आयोग दिल्ली स्थित आर्य समाज के मुख्यालय को पत्र भेजकर यह जानकारी लेगा कि फिलहाल राज्य में कौन-कौन से आर्य समाज मंदिर वैध रूप से विवाह पंजीकरण कर रहे हैं। संदेहास्पद केंद्रों के सत्यापन के बाद फर्जी पंजीकरण केंद्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रेणु भाटिया ने एक और गंभीर मामला साझा करते हुए बताया कि ऋचा नागपाल नामक एक महिला खुद को महिला आयोग की अध्यक्ष बताकर आम लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह महिला किसी भी रूप में आयोग से अधिकृत नहीं है। इस संबंध में पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है और जल्द ही उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला आयोग ने शिकायत दर्ज करने के लिए आयोग सखी हेल्पलाइन नंबर 9560080115 और मेल आईडी aayogmahilagmail.com भी जारी की है, जिनके माध्यम से महिलाएं सीधे संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। जन सुनवाई के दौरान एसीपी क्राइम अमन यादव, एसएचओ महिला थाना बल्लभगढ़ सुनीता, और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।