सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात में अकेले निकलने में लगता है डर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-18 के कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटें बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाम होते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाने से राहगीरों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। अंधेरे के कारण महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात के समय अकेले निकलने में असहजता महसूस होती है।
इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी महावीर बिश्नोई ने सात अक्तूबर को ई-समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनके अनुसार अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। निवासियों ने कहा कि हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम, 2014 के तहत निर्धारित समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, लेकिन शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से लोगों को निराशा हो रही है। उनका आरोप है कि शिकायत पर स्वत: अपील की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ी। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। ई-समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समाधान नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। प्रशासन को शिकायत का संज्ञान लेकर स्ट्रीट लाइट चालू करानी चाहिए और शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना चाहिए। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सेक्टर-18 की बंद स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने और शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की है।
निवासियों से बातचीत
स्ट्रीट लाइटें जल्द ठीक कराई जानी चाहिए, ताकि महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें।
- महावीर बिश्नोई, निवासी
अंधेरे में सामने से आने वाला व्यक्ति या सड़क पर पड़ा सामान भी आसानी से दिखाई नहीं देता।
- तिरलोक सिंह, निवासी
शाम के बाद जरूरी काम से बाहर निकलना पड़ता है। सड़क पर अंधेरा होने से असुरक्षा महसूस होती है।
- रोहन, निवासी
प्रशासन को जल्द स्ट्रीट लाइटें चालू करानी चाहिए। इससे इलाके में चोरी की वारदात भी बढ़ रही हैं।
- समरेंद्र वर्मा, निवासी