संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सारन चौक के आसपास लावारिस पशुओं का जमावड़ा लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क किनारे और बीच मार्ग पर बड़ी संख्या में बैठे पशुओं के कारण आए दिन यातायात बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासी रमेश और रोहन का कहना है कि सड़क पर घूम रहे लावारिस पशु अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार वाहन चालक पशुओं को बचाने के प्रयास में स्वयं हादसे का शिकार हो जाते हैं। इन दुर्घटनाओं में लोगों को चोटें लगती हैं, वहीं वाहनों को भी नुकसान पहुंचता है।
निवासी संदीप का कहना है कि पशुओं के सड़क पर बैठने के कारण सारन चौक पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार आवारा पशु राह चलते लोगों पर हमला कर देते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि लावारिस पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से नियमित अभियान चलाकर सड़कों को लावारिस पशुओं से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि यातायात सुचारु रहे और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।