अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में ऑटो पर लगाए गए क्यूआर कोड नंबर का असर दिखना शुरू हो गया है। यूनिक कोड के माध्यम से चोरी हुए ऑटो को सिकरौना पुलिस चौकी की टीम ने कालिंदी कुंज से मात्र छह घंटे में बरामद कर लिया और ऑटो मालिक को सौंप दिया।
जिले में चलने वाले सभी ऑटो को एक यूनिक कोड दिया गया है, जिस पर ऑटो के मालिक का नाम व नंबर लिखा होता है। साथ ही एक क्यूआर कोड दिया गया है। इसे स्कैन करने पर ऑटो चालक की पूरी जानकारी मिल जाती है। बुधवार सुबह गांव करनेरा स्थित बालाजी कॉलोनी निवासी धर्म चंद ने पुलिस को ऑटो चोरी की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे व टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इससे ऑटो के दिल्ली की तरफ जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तलाश शुरू कर दी। दोपहर करीब दो बजे पुलिस कंट्रोल रूम को दिल्ली बॉर्डर के टोल पर काम करने वाले विक्रम ने सूचना दी कि कालिंदी कुंज के पास एक ऑटो काफी समय से खड़ा है, जिस पर लगे क्यूआर कोड से पता चला कि ऑटो फरीदाबाद का है। टीम मौके पर ऑटो मालिक के साथ पहुंची। ऑटो चालक ने अपने ऑटो की पहचान की तथा पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।