14 अक्तूबर की रात चाकू से वार कर की गई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र में 14 अक्तूबर की रात हुए गोपाल हत्याकांड में पुलिस ने उसकी सौतेली बेटी शालिनी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गोपाल की पत्नी काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। शालिनी को इस साजिश की जानकारी थी, लेकिन उसने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही गोपाल को आगाह किया। पुलिस काजल और योगेंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, गोपाल की हत्या की साजिश इससे पहले 10 अक्तूबर को भी रची गई थी। आरोप है कि योगेंद्र गोपाल को खाटूश्याम घुमाने के बहाने जेवर ले गया था। वहां उसके साथ मारपीट की और गमछे से गला कस दिया। गोपाल को मृत समझकर आरोपी उसे खेतों में फेंककर लौट आया। होश आने पर गोपाल ने स्थानीय लोगों की मदद से अपनी पत्नी को फोन किया। इसके बाद सुहानी उसे जेवर से लेकर आई।
पुलिस के अनुसार इस घटना की जानकारी भी शालिनी को थी। इसके बावजूद वह गोपाल को पुलिस के पास ले जाने के बजाय फरीदाबाद की श्याम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर ले गई। दो दिन बाद उसकी मां काजल भी वहां पहुंच गई। आरोप है कि इसके बाद योगेंद्र भी वहां आ गया और 14 अक्तूबर की रात काजल व योगेंद्र ने गोपाल की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या से पहले काजल ने शालिनी को सोनीपत में किसी स्थान पर भेज दिया था।
तीन साल पहले बढ़ीं काजल और योगेंद्र की नजदीकियां
परिजनों के मुताबिक हाथरस के कुंवरपुर निवासी गोपाल करीब 20 साल से फरीदाबाद की एक कपड़ा फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। करीब 16 साल पहले उसने काजल से कोर्ट मैरिज की थी। काजल की पहली शादी से एक बेटी शालिनी है। गोपाल और काजल के तीन बच्चे भी हैं।