अतिरिक्त आयुक्त आनंद शर्मा ने नगर निगम और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक कर जांच के बारे में ली जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में बारिश के दौरान डूबने से हुई दो लोगों की मौत के मामले में बुधवार को अतिरिक्त आयुक्त आनंद शर्मा ने नगर निगम और पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस दौरान सभी के बयान दर्ज किए गए।
शहर में शुक्रवार रात हुई बारिश से ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास में करीब 12 फुट तक पानी भर गया था। इसमें गुरुग्राम स्थित एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक पुण्य श्रेय शर्मा और कैशियर विराज द्विवेदी कार समेत अंडरपास पार कर रहे कि डूबने से दोनों की मौत हो गई। अंडरपास के नजदीक वाहनों की आवाजाही बंद करने के लिए कोई बैरिकेडिंग न होने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने क्रेन की सहायता से दोनों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त आयुक्त आनंद शर्मा को सौंपी। बुधवार को उन्होंने नगर निगम मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता सहित पुलिस के एसीपी, यातायात थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों के बयान दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।