संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में सरकार की ओर से सभी चिकित्सकों व अन्य स्टाफ की छुटि्टयां रद्द करने से मरीजों को सहूलियत मिल रही है।
अस्पताल में मरीजों की संख्या पहले से ही अधिक रहती है। वहीं चिकित्सकों व अन्य स्टाफ की छुट्टी रहने के कारण अस्पताल में स्टाफ कम रहता है। ऊधर, जिन चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों की छुट्टी नहीं रहती है, वे भी कई बार अपने स्थान पर नहीं मिलते हैं। जिसका भुगतान केवल मरीजों को करना पड़ता है। ऐसे में अब नए दिशा निर्देश के आने के बाद कोई भी चिकित्सक व अन्य कर्मचारी छुट्टी पर नहीं रहेगा। इससे अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या ठीक रहेगी।
वहीं दूसरी ओर सभी चिकित्सक व कर्मचारियों को आदेश दिए गए हैं कि कोई भी इमरजेंसी को खाली छोड़कर नहीं जाएगा। एमरजेंसी में स्टाफ का मौजूद होना अति आवश्यक है। इसके साथ ही यदि कोई भी कर्मचारी अपना फोन बंद नहीं रखेगा। बिना वजह कोई भी कर्मचारी ओपीडी को खाली छोड़कर यहां वहां समय बर्बाद करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में स्टाफ की संख्या अधिक होने से मरीज को समय पर इलाज मिलेगा।