- टीम इवेंट में स्वर्ण और मिक्स्ड में जीता रजत पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कनाडा में चल रही विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले जिले मोहित डागर बुधवार को सुबह पांच बजे अपने घर पहुंच गए। घर पहुंचते ही माता-पिता ने मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। पिता ने देश का नाम रोशन करने के लिए पीठ थपथपाकर उन्हें शाबाशी दी। आस-पड़ोस से भी दिनभर बधाइयों का तांता लगा रहा। बता दें कि मोहित डागर ने कम्पाउंड राउंड की टीम प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण और मिक्स्ड इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया था।
मोहित ने बताया कि दो पदकों के साथ घर वापसी करके बेहद खुशी हो रही है। साल की शुरुआत में देहरादून में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद और बेहतर तैयारियां करनी शुरू कर दी थीं। शायद उसी का नतीजा है कि यह कारनामा कर पाया। इसके अलावा उन्होंने दोनों पदकों का पूरा श्रेय अपने पिता हरवीर सिंह, मां अंजू और तीरंदाजी के गुर सिखाने वाले कोच नीरज वशिष्ठ को दिया। उन्होंने कहा माता-पिता ने शुरू से ही मुझे खेलों के लिए प्रेरित किया। वहीं, कोच से मिली की सीख और ज्ञान के चलते ही यह पदक जीत पाया।
मोहित के कोच और जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष नीरज ने बताया कि जिले में करीब चार सालों से वह तीरंदाजी का अभ्यास कर रहा है। अपनी मेहनत और शानदार खेल के चलते वह लगातार आगे बढ़ रहा है। आशा करता हूं कि वह आने वाले समय में एक महान खिलाड़ी के रूप में उभरेगा।