फरीदाबाद। शहर वासियों को स्मार्ट पार्क और स्मार्ट सड़के मिलने के साथ ही स्मार्ट स्ट्रीट लाइटों की भी सौगात जल्द मिलने की उम्मीद है। इसके लिए फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने योजना तैयार कर जगह चिह्नित करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। योजना के तहत करीब 50 हजार स्ट्रीट लाइटों को बदलकर ऑटोमेटिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस पर करीब 24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी।
नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, पांच विधानसभा क्षेत्रों बड़खल, फरीदाबाद, एनआईटी, तिगांव और बल्लभगढ़ हैं। इनमें 49 हजार स्ट्रीट लाइटें हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के पास इनको जलाने और बुझाने का जिम्मा है। अंधेरा होते ही लोग इसे जला देते हैं। कई बार इनको बंद करना भूल जाते हैं। कुछ इलाकों में निगम के जेई ऑन-ऑफ करने का काम करते हैं, अगर स्ट्रीट लाइट खराब हो जाती है तो उसकी सूचना नगर निगम को समय से नहीं मिल पाती है।
वहीं ज्यादातर सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें तो लगी हैं, लेकिन अधिकांश खराब हैं। इसको देखते हुए स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इंटीग्रेटेड स्ट्रीट लाइट कंट्रोल सिस्टम तैयार करने की योजना बनाई हैं। जिससे सभी को एक साथ ऑन-ऑफ कर सकें। सेक्टर-20ए में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तैयार किया गया है। जहां पर पूरे शहर के अंदर लगे ट्रैफिक सिग्नल को कंट्रोल किया जाता है। यहीं से स्ट्रीट लाइटों को भी जोड़ा जाएगा। इससे एक साथ ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइटों को कंट्रोल किया जा सकेगा।
बदले जाएंगे केबल और पोल
योजना के तहत स्ट्रीट लाइटों के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। पोल व केबल को बदलकर इनके स्थान पर नए पोल और केबल लगाए जएंगे। स्ट्रीट लाइटों चलने वाले लोड का आंकलन किया जा सकेगा। वहीं फाल्ट होने पर तुरंत सूचना कंट्रोल रूम को मिलेगी। इससे कर्मचारियों को भेजकर मौके पर लाइट को ठीक करवाया जा सकेगा। जिन पर स्ट्रीट लाइटों पर लोड ज्यादा होगा, उन्हें तुरंत बदला जाएगा।
शहर में बेहतर बिजली व्यवस्था के लिए इंटीग्रेटेड स्ट्रीट लाइट कंट्रोल सिस्टम बनाया जाएगा। इसके तहत करीब 50 हजार स्ट्रीट लाइटों को बदलकर उनकी जगह एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी। इनके जलने और बंद होने का कंट्रोल कमांड एंड कंट्रोल रूम के पास होगी।
- गरिमा मित्तल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी लिमिटेड