दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गौछी गांव में 25 अगस्त की रात ससुराल में सो रहे युवक के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप है। बचाने आई उसकी सास और पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे रिपोर्ट और मौके की तस्दीक के आधार पर चार सितंबर को दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बुलंदशहर के खुर्जा देहात क्षेत्र के वाजिदपुर निवासी रिजवान खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 25 अगस्त को रात करीब 10 बजे पत्नी और बच्चों को लेने ससुराल गौछी आया था। रात होने के कारण वह वहीं रुक गया। रात करीब 12:30 बजे समीर और उसके पिता इमामुद्दीन ने ससुराल का दरवाजा जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया। रिजवान की सास मीना ने दरवाजा खटखटाने का कारण पूछा तो दोनों ने गाली-गलौज की। रिजवान के अनुसार आवाज सुनकर वह उठा और दोनों से पूछताछ की तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार 27 अगस्त को रिजवान, उसकी पत्नी रेशमा और सास मीना का बीके अस्पताल में मेडिकल कराया गया। रिजवान की मेडिकल रिपोर्ट में पांच, मीना की तीन और रेशमा की दो चोट दर्ज हुईं। बाद में एक्स-रे और अन्य जांच रिपोर्ट भी प्राप्त की गईं। जांच के बाद समीर व इमामुद्दीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत चार सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है।