दुकान में तोड़-फोड़ की सूचना पाकर मौके पर पहुंची ईआरवी टीम के पुलिसकर्मियों से एक युवक ने मारपीट की। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों को चोट लगी। जिसे बाद में चौकी से टीम बुलाकर काबू कर लिया गया। आरोपी निशांत फरीदपुर गांव का रहने वाला है।
टीम के वीडियो व फोटो खींचने पर आरोपी ने ये वारदात की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सेक्टर-17 थाना में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में टीम कार्रवाई कर रही है।
एफआईआर के लिए सेक्टर-17 थाना में ये शिकायत ईआरवी नंबर 203 पर बतौर इंचार्ज तैनात ईएसआई बलवान सिंह ने दी है। इनका कहना है कि मंगलवार को ईआरवी पर ये एसपीओ अरुण कुमार, चालक ईएचसी नवीन कुमार के साथ ड्यूटी पर थे। शाम लगभग साढ़े 5 बजे डायल 112 के जरिये एक सूचना मिली कि सेक्टर-16ए सुपर स्टोर पर कुछ लोग दुकान में तोड़-फोड़ कर रहे हैं।
ईआरवी टीम मौके पर पहुंची तो 5-6 लोग गाली-गलौच व मारपीट कर रहे थे। एसपीओ अरुण घटना स्थल के फोटो खींचने लगा तो आरोपी वहां से भागने लगे। टीम के पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक युवक आया और एसपीओ को फोटो खींचने व वीडियो बनाने से रोकने लगा।
आरोपी युवक ने ईएसआई बलवान सिंह का कॉलर पकड़ा और गाली-गलौच व मारपीट करने लगा। ईएचसी नवीन का आरोपी ने गला दबाया जिससे उसे गले पर चोट लगी। एसपीओ अरुण को भी मारपीट में चोट लगी। टीम ने आरोपी को काबू कर लिया। उसकी पहचान फरीदपुर गांव निवासी निशांत के तौर पर हुई।
सूचना कंट्रोल रूम में दी गई तो सेक्टर-17 थाना अंतर्गत सेक्टर-16 चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ईएचसी नवीन व एसपीओ अरुण का मेडिकल कराया गया। शिकायत व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सेक्टर-17 थाना में आरोपी के खिलाफ मारपीट, सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।