शानदार प्रदर्शन के लिए सचिन को मैन ऑफ द मैच चुना गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एकेपी क्रिकेट मैदान पर रविवार को द स्कोर्पियन क्लब और स्मैशर्स क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। 20 ओवर के इस मैच में स्मैशर्स क्रिकेट क्लब ने द स्कोर्पियन क्लब को 9 विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए द स्कोर्पियन क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टीम की ओर से किशन और चेतन ने 27-27 रनों की पारियां खेलीं। वहीं हैप्पी ने भी 21 रन बनाकर टीम के स्कोर में योगदान दिया। स्मैशर्स क्रिकेट क्लब की ओर से जतिन और सचिन ने दो-दो जबकि संदीप और पारस ने एक-एक विकेट लिया।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्मैशर्स क्रिकेट क्लब की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केवल 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सचिन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए। साहिल ने 38 तथा अंकित ने नाबाद 28 रनों का योगदान दिया। द स्कोर्पियन क्लब की ओर से एकमात्र विकेट हैप्पी सिंह ने लिया। अपने शानदार प्रदर्शन के लिए सचिन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।