जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बदलते मौसम, बारिश और बढ़ते प्रदूषण के असर से शहर में त्वचा संबंधी बीमारियों के साथ-साथ सर्दी, जुकाम और बुखार के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं, जिससे ओपीडी पर दबाव बढ़ गया है। मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और कई मामलों में लक्षण गंभीर होने के बाद ही लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अस्पताल में इन दिनों खुजली, दाद, फंगल इंफेक्शन, त्वचा पर चकत्ते और एलर्जी के मामलों में ज्यादा आए हैं। नमी और पसीना त्वचा रोगों को बढ़ावा दे रहे हैं, जबकि प्रदूषण और मौसम में उतार-चढ़ाव एलर्जी को ट्रिगर कर रहे हैं। इसके साथ ही सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीज भी बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं।
मरीजों को भी इन समस्याओं के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर-21 निवासी रेखा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से त्वचा पर खुजली और लाल चकत्ते हो गए हैं, जिससे रात में सोना तक मुश्किल हो गया है। वहीं 42 वर्षीय संजय कुमार ने बताया कि उन्हें लगातार सर्दी-जुकाम और हल्का बुखार बना हुआ है, लेकिन भीड़ के कारण अस्पताल में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि बदलते मौसम में बीमारी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन अस्पतालों में बढ़ती भीड़ से समय पर इलाज मिलना चुनौती बन गया है।
जिला नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस राठी के अनुसार मौसम में नमी और तापमान में बदलाव के कारण त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं। उनका कहना है कि लोग अक्सर शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे संक्रमण बढ़ जाता है। उन्होंने सलाह दी कि त्वचा को साफ और सूखा रखें, पसीने के बाद कपड़े बदलें और संक्रमण के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
वहीं सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश गुप्ता के अनुसार बदलते मौसम में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ने से सर्दी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि इस समय वायरल संक्रमण तेजी से फैलता है, इसलिए भीड़भाड़ से बचना, साफ पानी पीना और खानपान का ध्यान रखना जरूरी है। लक्षण बढ़ने पर देरी किए बिना डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।