संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) में रेफ्रिजरेशन एंड एयरकंडीशनिंग का विश्वस्तरीय कौशल विकास केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस पर एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। पूरा खर्च डाइकिन इंडिया एयरकंडीशनिंग प्राइवेट लिमिटेड वहन करेगी। यह केंद्र अगले दो महीने में बनकर तैयार हो जाएगा।
डाइकिन इंडिया एयरकंडीशनिंग प्रा. लि. के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत सिंह जावा ने विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा करने के बाद इसकी घोषणा की। कुलगुरु प्रो. दिनेश कुमार ने उनकी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस केंद्र से हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने अकादमिक अधिष्ठाता प्रो. विक्रम सिंह को इस दिशा में किए गए प्रयासों के लिए बधाई दी।
कंवलजीत सिंह जावा ने कहा कि एयरकंडीशनिंग के क्षेत्र में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं और पूरे विश्व में प्रशिक्षित कर्मियों की आवश्यकता है। इसी को देखते हुए यह अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र स्थापित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए शॉर्ट टर्म कोर्स भी शुरू करेगा। इसके साथ ही बी.वॉक प्रोग्राम भी पहले से संचालित है।
ग्रीन टेक्नोलॉजी विभाग के चेयरपर्सन डॉ. सुनील कुमार गर्ग ने कहा कि ग्रीन एनर्जी के समावेश से तकनीकी कौशल की अहमियत और बढ़ गई है। वहीं, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निदेशक डॉ. मनी कंवर सिंह ने बताया कि केंद्र के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है।