नीमका गांव में हुई थी हत्या, आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नीमका गांव में खेत में पानी की नाली बनाने को लेकर विवाद में व्यक्ति की हत्या मामले में छठे आरोपी को अपराध शाखा डीएलएफ टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सुरेंद्र उर्फ बब्बे (43) मुझेरी गांव का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि झगड़े के दौरान इसने शिकायतकर्ता के भाई केवेंद्र को पकड़ा था।
अन्य आरोपियों ने उसके सिर में फावड़ा मारकर हत्या की थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि केस में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पकड़े गए सुरेंद्र को तीन दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। बल्लभगढ़ सदर थाना में ये एफआईआर दो नवंबर 2024 को दर्ज हुई थी। नीमका गांव निवासी हरेंद्र ने शिकायत दी थी कि उनके गांव के ही रमेश, बब्बी व 10-12 अन्य लोगों ने उनके खेत की नहरी पानी की नाली को जेसीबी से काट दिया। नाली जोड़ने के लिए हरेंद्र व भाई केवेंद्र और पिता जीत सिंह खेत में गए। वहां पर आरोपियों ने झगड़ा कर दिया और कुछ लोगों ने केवेंद्र को पकड़ उसके सिर में फावड़ा मार दिया। इलाज के दौरान केवेंद्र की मौत हो गई थी। बल्लभगढ़ सदर थाना में दर्ज इस एफआईआर में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।