प्लेटफॉर्म नंबर चार से निर्माण शुरू, यात्रियों के बैठने के लिए नीचे लगेंगी कुर्सियां
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को धूप और बारिश से राहत देने के लिए तीन प्लेटफॉर्म पर छह टिन शेड बनाए जाएंगे। इसके लिए प्लेटफॉर्म नंबर चार पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां दो टिन शेड बनाए जाएंगे। एक टिन शेड तैयार करने में करीब तीन से चार दिन का समय लग रहा है। शेड के नीचे यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियां भी लगाई जाएंगी। इससे ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को सुविधा मिल पाएगी।
ठेकेदार एवं कनिष्ठ अभियंता सुमित कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर चार के बाद प्लेटफॉर्म नंबर तीन और दो पर भी टिन शेड बनाने का काम किया जाएगा। इन तीनों प्लेटफॉर्म पर कुल छह टिन शेड बनाए जाने हैं। फिलहाल प्लेटफॉर्म नंबर एक पर टिन शेड बनाने के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को खुले प्लेटफॉर्म पर धूप और बारिश के बीच ट्रेन का इंतजार करने से राहत मिलेगी।
-
रेल यात्रियों की राय
प्लेटफॉर्म पर टिन शेड बनने से यात्रियों को धूप और बारिश से राहत मिलेगी। खासकर ट्रेन का लंबे समय तक इंतजार करने वाले यात्रियों को इसका फायदा होगा।- मूला, रेल यात्री
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बैठने और मौसम से बचाव की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। टिन शेड बनने से धूप में खड़े होकर ट्रेन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। - देव राम दास, रेल यात्री