साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 6.20 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने, बीमारी पॉलिसी, शादी कार्ड की फाइल भेजकर, लिंक भेज मोबाइल हैक करके ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत बल्लभगढ़ के रहने वाले सतबीर सिंह ने दी है। इनका आरोप है कि 17 नवंबर को ठग ने बैंक कर्मचारी बनकर संपर्क किया। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 15921 रुपये ठग लिए।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत आदर्श नगर के रहने वाले बिजेंद्र कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 4 दिसंबर को ठग ने एक्सिस मैक्स बीमा कंपनी का कर्मचारी बनकर संपर्क किया। आरोपी ने बीमा पॉलिसी के नाम पर डिटेल लेकर 35 हजार रुपये ठग लिए।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत ओल्ड फरीदाबाद के रहने वाले गौरव ने दी है। इनका आरोप है कि 18 दिसंबर को ठग ने चांदी के सिक्के खरीदने के बहाने संपर्क कर 67500 रुपये ठग लिए।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत धर्मबीर सिंह ने दी है। इनका कहना है कि 12 से 14 दिसंबर के दौरान इनसे 1.48 लाख रुपये की ठगी हो गई। इनको एक मैसेज आया था जिसमें शादी कार्ड का पीडीएफ फाइल थी। ये खोलते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से रुपये कट गए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत डबुआ कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। इनका कहना है कि 22 दिसंबर को ठगों ने मोबाइल पर लिंक भेजा। इसे खोलते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से 1 लाख रुपये कट गए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-21 के रहने वाले हरीश कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि 17 दिसंबर को ठगों ने मोबाइल पर लिंक भेजकर डिटेल भरने को कहा। आरोपियों ने निजी जानकारी लेकर खाते से 253950 रुपये ठग लिए।