कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कोतवाली थाना एरिया में बाइक सवार 6 युवकों ने मिलकर एक युवक को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित जवाहर कॉलोनी का रहने वाला हर्ष दिल्ली के कालका जी मंदिर से दर्शन करके लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत हमले में घायल जवाहर कॉलोनी में रहने वाले निजी कंपनी के कर्मचारी ईमेश उर्फ हर्ष ने दी है। हर्ष ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम वह दिल्ली के कालका जी मंदिर से दर्शन करके फरीदाबाद लौट रहे थे। इस दौरान कोतवाली थाना एरिया में पहुंचे तो बाइक और स्कूटी पर सवार छह युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडों से पीटने लगे। इसमें युवक को गंभीर चोट लगी। झगड़ा होते देख मौके पर भीड़ जमा होने लगी तो आरोपी वहां से भाग गए। पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर एफआईआर दर्ज कर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की है।