फरीदाबाद। आईपीओ में निवेश के नाम पर साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को नीमका जेल से पांच अक्तूबर को प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की गई थी।
आरोपियों की पहचान आशीष, संदीप कुमार, अमित, अनुराग वर्मा उर्फ नीलू उर्फ अनिल, शिवम शर्मा उर्फ भोला और ऋषभ सिकरवार उर्फ ऋषि के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि फरीदाबाद निवासी व्यक्ति को 29 जून को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में आईपीओ और शेयर बाजार में निवेश की जानकारी देकर उसे एक एप डाउनलोड कराया गया। इसके बाद आईपीओ अलॉटमेंट के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में 67,400 रुपये जमा कराए गए। एप पर 1.19 लाख रुपये का कथित मुनाफा दिखाया गया। रकम निकालने पर क्रेडिट स्कोर कम होने का हवाला देकर अतिरिक्त रकम मांगी गई। जांच में आशीष और संदीप द्वारा बैंक खाता खुलवाकर उसकी बैंकिंग किट उपलब्ध कराने की बात सामने आई। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। संवाद