सीनियर और डिप्टी मेयर चुनाव पर स्थिति स्पष्ट नहीं, सरकार के फैसले का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर लंबे समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। चुनाव में देरी को लेकर पार्षदों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी का दौर भी जारी है। इसी बीच मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा है कि चुनाव की तारीख तय करने का अधिकार राज्य सरकार के पास है और उनकी ओर से आवश्यक जवाब सरकार को भेजा जा चुका है।
मेयर का कहना है कि चुनाव कराने की प्रक्रिया के लिए नगर निगम तैयार है तथा सरकार की ओर से तारीख घोषित होते ही चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे। उनके अनुसार यह मामला केवल फरीदाबाद का नहीं है बल्कि हरियाणा के अन्य नगर निगमों में भी सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव लंबित हैं।
दूसरी ओर चुनाव में हो रही देरी को लेकर कुछ पार्षद लगातार सवाल उठा रहे हैं और जल्द चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि निर्वाचित सदन के गठन के बाद उपयुक्त पदों का चयन समय पर होना चाहिए ताकि निगम की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी ढंग से चल सके।
फिलहाल सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद खाली हैं और चुनाव की नई तारीख को लेकर सरकार की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर अब राज्य सरकार के अगले निर्णय पर टिकी हुई है।
-मोहित