फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

45 नए ईको वन और ऑक्सीजन कॉरिडोर से बदलेगी फरीदाबाद की फिजा : विपुल गोयल

विज्ञापन
पर्यावरण दिवस कर फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री व अन्य लोग
विज्ञापन
वेस्ट मैनेजमेंट, पार्कों के उन्नयन और नागरिक सुविधाओं की परियोजनाओं को भी मिली गति
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक शहर फरीदाबाद में बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र के बीच पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेक्टर-7 और सेक्टर-14 में आयोजित कार्यक्रमों में हरियाणा सरकार के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में 15 दिनों के भीतर 45 नए ईको वन विकसित करने की घोषणा की।
साथ ही सेक्टर-4 से सेक्टर-7 तक फैली ग्रीन बेल्ट को ऑक्सीजन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना भी सामने रखी गई। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का काम किया है और इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए फरीदाबाद में व्यापक स्तर पर हरित पहल शुरू की जा रही है।
विज्ञापन


विपुल गोयल ने बताया कि फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में पहले से 15 ईको वन विकसित किए जा चुके हैं, जो सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। अब सेक्टर-7, 8, 9, 10, 11 और 14 सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए ईको वन विकसित किए जाएंगे। आने वाले समय में इनकी संख्या 100 से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ईको वन केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये वायु प्रदूषण कम करने, जैव विविधता को संरक्षित करने, शहरी तापमान नियंत्रित रखने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे पक्षियों और अन्य जीवों के लिए प्राकृतिक आवास भी विकसित होंगे।

ग्रीन बेल्ट बनेगी ऑक्सीजन कॉरिडोर

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सेक्टर-4 से सेक्टर-7 तक फैली ग्रीन बेल्ट को ऑक्सीजन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। तेजी से शहरीकरण और बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच यह पहल लोगों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने में मदद करेगी। उन्होंने उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य हासिल नहीं किए जा सकते। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वेस्ट मैनेजमेंट पार्क का उद्घाटन भी किया गया। मंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। शहर को स्वच्छ और टिकाऊ बनाने के लिए कचरा प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक तैयार करने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका भी अहम है। बच्चों और युवाओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना दीर्घकालिक समाधान का आधार बनेगा।
विज्ञापन


विकास परियोजनाओं को भी मिली गति

पर्यावरणीय घोषणाओं के साथ मंत्री ने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि सेक्टर-14 सामुदायिक केंद्र के पुनर्निर्माण के लिए लगभग नौ करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हो चुकी है। इसके अलावा सेक्टर-14 मार्केट के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए करीब 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सेंट्रल पार्क में एस्ट्रोटर्फ, ओपन जिम और अन्य आधुनिक सुविधाओं को भी मंजूरी प्रदान की गई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार शहर में जलभराव की समस्या में लगभग 90 प्रतिशत तक सुधार देखने को मिलेगा। शेष समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता और ऊर्जा बचत को जनभागीदारी से जोड़ना होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें