फरीदाबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में नाम और विवरण की जांच कर सुधार कराने के लिए मतदाताओं को एक माह का अतिरिक्त समय मिल गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाताओं से प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच के बाद संबंधित मामलों में नोटिस जारी किए जाएंगे। इन दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 28 अक्तूबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 6 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग ने एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर चलाए जा रहे एसआईआर कार्यक्रम का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि अब 30 सितंबर 2026 कर दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 30 अगस्त तक निर्धारित थी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण समय रहते जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा नाम, पते या अन्य विवरण में गलती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 सितंबर तक दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।