भीषण गर्मी से मिल सकती है लोगों को राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण आमजन परेशान हैं और अब सभी को बारिश का इंतजार है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों तक बरसात होने की संभावना जताई जा रही है। बृहस्पतिवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। आसमान में बादल नहीं दिखे, लेकिन दिनभर हवाएं चलती रहीं। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर धूल उड़ती रही, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर उड़ती धूल के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और बदलते मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, आमजन को उमस और गर्म हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद है। शहरवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच अब सभी को बारिश का बेसब्री से इंतजार है। यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो आने वाले दिनों में मौसम सुहावना हो सकता है और लोगों को राहत मिलेगी।