पांच विकेट से जीता फाइनल, नीतेस भड़ाना रहे मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पाली स्थित रविंदर फागना क्रिकेट भूमि मैदान पर सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीराम प्रॉपर्टी इलेवन ने क्रेजी क्रिकेट क्लब को हरा दिया। इसके साथ ही श्रीराम क्रिकेट टीम ने मिक्स कॉर्पोरेट डे कप टूर्नामेंट अपने नाम किया। श्रीराम प्रॉपर्टी इलेवन ने पांच विकेट से मुकाबला जीत लिया। नीतेश भड़ाना को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
20 ओवर के इस मुकाबले में क्रेजी क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 168 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सचिन अहलावत ने सर्वाधिक 50 और यश चौहान ने 35 रन की पारी खेली। वहीं, श्रीराम की ओर से गुलशन यादव ने चार विकेट झटके।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीराम की टीम ने महज 18.3 ओवर में 172 रन बनाकर पांच विकेट से जीत दर्ज की। टीम के लिए नितेश भड़ाना ने महज 32 गेंदों में 63 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं, राम ललित ने 29 रन बनाए।