फरीदाबाद। वजीरपुर स्थित श्याम बाबा क्रिकेट मैदान पर मंगलवार को खेले गए मुकाबले में श्याम बाबा अकादमी ने मास्टर्स क्रिकेट अकादमी को आसानी से 37 रनों से हरा दिया। 40 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी को आई श्याम बाबा अकादमी ने सात विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मास्टर्स अकादमी 34.1 ओवर में महज 127 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
श्याम बाबा अकादमी की ओर से मिहान ने 38 और अनुज ने 37 रन बनाए। वहीं मास्टर्स के लिए विवेक, अक्षय, माधव, शिवम, अंश और मनोज को एक-एक विकेट मिला। जवाब में मास्टर्स अकादमी के लिए बल्लेबाजी को आए मोहित ने 23 जबकि पार्थ ने 22 और अक्षय ने 18 रनों का योगदान दिया। श्याम बाबा अकादमी की ओर से हनी खटाना ने छह ओवर में महज नौ रन देकर तीन विकेट जबकि रियांश और हैप्पी को दो-दो विकेट मिले। हनी खटाना को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।