अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। संजय कॉलोनी सेक्टर -23 में बृहस्पतिवार देर रात दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद दुकानदार ने 40-45 लोगों को मौके पर बुला लिया। बड़ी संख्या में लोग गली में घुस आए और मारपीट के बाद गोलियां चल गईं। हमलावरों ने घर के गेट और बाहर खड़ी तीन कारों के शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए। घर की ओर ईंट-पत्थर भी फेंके गए। गोलियां चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गली में हाल ही में एक नई दुकान खुली है। बृहस्पतिवार रात दुकानदार दुकान के बाहर स्टैंड बोर्ड और अन्य सामान रख रहा था। इसी बात को लेकर गली के कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद दुकानदार ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में 40-45 लोग वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इससे तीन कारों के शीशे टूट गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह ने बताया कि रात करीब 9 बजे गोली चलने की सूचना मिली थी । दुकान के बाहर स्टैंड लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद गोलियां चलनी शुरू हो गईं। मामले की जांच की जा रही है।