- शराब के ठेके के पास सामान बेचता है पीड़ित, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ। सेक्टर-7 हुडा मार्केट में कोल्ड ड्रिंक के पैसे मांगने पर एक बदमाश ने दुकानदार की धुनाई कर दी। हफ्ता ना देने पर दुकानदार को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सेक्टर-55 निवासी सन्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया सेक्टर-7 हुडा मार्केट में शराब ठेके के सामने उसकी सन्नी कोल्ड ड्रिंक के नाम से दुकान है। आरोप है कि दुकान से गौरव नागर नाम का युवक कभी भी कुछ भी सामान उठाकर चला जाता है। सामान के पैसे मांगने पर गाली देने लगता है। इस बात पर उनकी कई बार बहस भी हुई है। गौरव नागर पैसे देने की बजाय जान से मारने की धमकी देकर चला जाता है। शनिवार शाम सन्नी दुकान पर बैठा था। आरोप है कि गौरव नागर दुकान से सामान उठाने लगा। सन्नी के मना करने पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा यहां दुकान चलानी है, तो मुझे फ्री में सामान और हफ्ता देना पडे़गा। इसके बाद आरोपी ने दुकानदार को थप्पड़ व घूंसे मारने शुरू कर दिए। आसपास के दुकानदारों ने किसी तरह दुकानदार को छुडाया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।