10 हजार रुपये लूटकर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र स्थित निहाल मार्केट में शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी के बाद चार युवकों ने एक दुकानदार को रास्ता रोककर पीट दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित का मोबाइल फोन छीन लिया और जेब में रखे 10 हजार रुपये लूटकर भाग गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से कन्नौज निवासी नकुल सहदेव उर्फ सौरब सेक्टर-58 में शराब ठेके के पास पानी, सोडा और नमकीन की दुकान चलाता है। शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर की शाम करीब छह बजे एक पिकअप चालक उसकी दुकान के पास आकर शराब पीने लगा। सामान लेने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी में ही बैठकर शराब पीता रहा।
रात करीब 10:40 बजे जब नकुल दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौटने लगा, तो पिकअप चालक ने अपने तीन अन्य साथियों को अपाचे बाइक पर बुला लिया। चारों ने नकुल का रास्ता रोक लिया और डंडे व थप्पड़-मुक्कों से उसकी पिटाई की। नकुल ने जब अपने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसका मोटोरोला फोन छीन लिया और 10 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।