वार्ड नंबर-19 और 20 में करोड़ों रुपये की विकास परियोजना शुरू होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए वार्ड नंबर-19 और 20 में करोड़ों रुपये की विकास परियोजना को शुरू किया जाएगा जिससे शहरवासियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर-19 में श्मशान घाट के निकट लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक शिवालय पार्क का निर्माण कराया जाएगा। इस पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाएगा।
पार्क में सुंदर उद्यान, ट्रैक, बाउंड्री वॉल, विद्युत एवं लाइटिंग व्यवस्था, जलापूर्ति और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ गार्ड रूम, केयर टेकर रूम, गज़ेबो, योगा पवेलियन, वॉटर बॉडी और एम्फीथिएटर जैसी आकर्षक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा थीम आधारित प्रवेश द्वार पार्क की सुंदरता को और बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि शिवालय पार्क बनने से क्षेत्र में हरित वातावरण को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को मनोरंजन व सैर-सपाटे के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। इससे शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
इसी क्रम में वार्ड नंबर-20 स्थित बाल भवन के पीछे लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया जाएगा। इस लाइब्रेरी में डिजिटल स्टडी सिस्टम, इंटरनेट सुविधा और शांत अध्ययन कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।