सीएसआर के तहत कंपनी ने उपलब्ध कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। खंड हथीन के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत 982 बेंच उपलब्ध कराई गई हैं। इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और अब उन्हें जमीन पर बैठकर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी।
जानकारी के अनुसार, तत्कालीन एसडीएम अप्रितम सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई प्राथमिक विद्यालयों में छोटे बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस पर उन्होंने अपने पिता एवं उद्यमी डॉ. राजेश सिंह से चर्चा की।
इसके बाद डॉ. राजेश सिंह ने अपनी कंपनी ओटीसी प्राइवेट लिमिटेड के सीएसआर फंड से सरकारी स्कूलों के लिए 982 बैंच उपलब्ध कराईं। इनमें राजकीय बालिका प्राथमिक पाठशाला हथीन को 280, राजकीय बालिका प्राथमिक पाठशाला गुराक्सर को 330, राजकीय प्राथमिक पाठशाला अंधरोला को 200 तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय मलोखड़ा को 172 बेंच दी गईं।
बेंच वितरण कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत मलोखड़ा से की गई। गांव के सरपंच हामिद हुसैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, पूर्व एसडीएम अप्रितम सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, खंड शिक्षा अधिकारी ओमपाल तेवतिया, प्रधानाचार्य वंदना सहरावत तथा ओटीसी प्राइवेट लिमिटेड के डी. झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।