पंचायत अधिकारी ने जल्द नोटिस जारी कर रास्ते की सफाई कराने का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी नूंह।
जिला मुख्यालय से महज तीन किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत मरोड़ा में गांव की फिरनी पर गंदगी और अतिक्रमण की समस्या से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिरनी पर कुछ स्थानों पर उपले और अन्य सामान रखे होने के कारण रास्ते से आवागमन करने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रास्ते की सफाई कराने और अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
हरियाणा सरकार की ओर से स्वच्छता और जनभागीदारी को लेकर लगातार जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी सार्वजनिक स्थानों और खाली प्लॉटों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने की बात कह चुके हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी संबंधित लोगों को रास्ता खाली करने के लिए कहा गया है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।इस संबंध में पंचायत अधिकारी नीरज ने बताया कि संबंधित लोगों को जल्द नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही रास्ते की सफाई कराई जाएगी और सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।