2022 में ऋण लेकर शुरू किया पशुपालन, अब तक नहीं मिली अनुदान राशि 2026 के आवेदकों की फाइलें भी अटकी
फिरोजपुर झिरका। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत पशुपालन शुरू करने वाले सैकड़ों लाभार्थी चार साल से सरकारी अनुदान राशि का इंतजार कर रहे हैं। वर्ष 2022 में अंत्योदय मेलों में ऋण लेकर भेड़-बकरी, सूअर और भैंस पालन शुरू किया था। जमशीदा, शहनाज, साहून सहित कई लाभार्थियों को अब तक अनुदान राशि नहीं मिली है। उन्हें अपनी जेब से बैंक की किस्तें भरनी पड़ रही हैं। वहीं, 2026 में आवेदन करने वाले नए लाभार्थी भी विभाग के चक्कर काट रहे हैं। उनके केवल 6-7 आवेदन ही स्वीकृत हुए हैं। पशुपालन विभाग के इंचार्ज डॉ. सुभाष ने बताया कि बजट आवंटन के लिए सरकार को कई पत्र भेजे गए हैं। बजट मिलते ही योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।