फरीदाबाद। संपत्ति कर के बाद अब शहरवासी सीवर और पानी के बिलों के भुगतान भी घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे। साथ ही पानी और सीवर के नए कनेक्शन लेने के लिए भी निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नगर निगम इनका पूरा डाटा ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है। इसका करीब 75 फीसदी काम पूरा कर लिया है, जबकि शेष काम एक माह में पूरा करने का दावा किया जा रहा है। कुछ सेक्टर नगर निगम को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से स्थानांतरित हुए हैं। उनका रिकार्ड ऑनलाइन करने में निगम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, मगर अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसका भी समाधान निकाल लिया जाएगा।
लोगों को सीवर और पानी का नया कनेक्शन लेने के लिए धक्के खाने पड़ते हैं। कई तरह की कागजी कार्रवाई को पूरा करना पड़ता है, जिसका परिणाम यह होता है कि लोग सीवर और पानी का कनेक्शन निगम से पास ही नहीं कराते। कागजी प्रक्रिया के झंझट से बचने के लिए लोग अवैध कनेक्शन ले लेते हैं। हालांकि, निगम की तरफ से समय समय पर अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाकर अवैध कनेक्शनों को नियमित किया जाता रहता है। वहां पर भी लोगों के सामने कई तरह की परेशानियां सामने आती हैं। इसी तरह पानी व सीवर के बिल भुगतान के लिए भी लोगों को नगर निगम कार्यालयों में चक्कर काटने पड़ते हैं। इन सब झंझटों से लोगों को बचाने के लिए नगर निगम सीवर और पानी का डाटा भी ऑनलाइन करने की तैयारी में जुटा है।
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता ओपी कर्दम ने बताया कि डाटा ऑनलाइन करने का करीब 75 फीसदी डाटा फीड किया जा चुका है। निगम का आईटी विभाग तेजी से इस पर काम कर रहा है। कुछ सेक्टर निगम को हुडा से स्थानांतरित हुए हैं। उनको सेक्टर के रिकार्ड को लेकर थोड़ी परेशानी है। वह भी जल्द दूर कर ली जाएगी। अगले माह तक पूरा डाटा फीड कर दिया जाएगा।