फरीदाबाद। जिले में शनिवार को सुबह से शाम तक रुक-रुककर होती रही बारिश के कारण क्रिकेट मुकाबलों का शेड्यूल प्रभावित रहा। लगातार बारिश के चलते खेड़ी गुजरान स्थित क्रिकेट मैदान पर होने वाला कॉर्पोरेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रद्द करना पड़ा।
मैदान में पानी जमा होने और पिच के गीला होने के कारण मैच कराना संभव नहीं था। इसके अलावा सेक्टर-78 स्थित मास्टर्स क्रिकेट मैदान और सेक्टर-56 स्थित श्याम बाबा क्रिकेट मैदान सहित जिले के कई अन्य क्रिकेट मैदानों पर प्रस्तावित मुकाबले भी रद्द रहे। बारिश के कारण खिलाड़ी मैदान पर पहुंचने के बाद भी अभ्यास और मैच नहीं खेल सके। आयोजकों ने मैदान की स्थिति को देखते हुए मुकाबलों को स्थगित करने का निर्णय लिया। क्रिकेट खिलाड़ियों और आयोजकों को अब मौसम साफ होने का इंतजार है, ताकि आगामी दिनों में मुकाबलों का नया शेड्यूल तैयार किया जा सके। संवाद