दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार ब्लॉक समिति सदस्यों और तीन सरपंचों को देंगी अवार्ड
गरीबी उन्मूलन और पंचायत क्षेत्र में आजीविका बढ़ाने, स्वच्छ और हरित पंचायत, महिला और बच्चों के अनुकूल कार्य करने, पेयजल-बिजली आदि कार्य के लिए दिए जा रहे अवार्ड
शशि
फरीदाबाद। फरीदाबाद और जिले के तिगांव से चार ब्लॉक समिति सदस्यों और तीन गांव के सरपंचों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 11 दिसंबर को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान तीनों सरपंच और चार समिति सदस्य सम्मानित होंगे। इसको लेकर जिले में खुशी का माहौल है। फरीदाबाद जिले के तिगांव विधानसभा से पंचायत समिति मेंबर के रूप में ओम प्रकाश, सुनील कुमार और फरीदाबाद से राजबीर सिंह भड़ाना, सुरजीत सिंह को चुना गया है। वहीं, इस अवार्ड के लिए तिगांव के जुन्हेड़ा, अरवा और इमाममुद्दीनपुर गांव के सरपंच का चयन हुआ है।
तिगांव और फरीदाबाद के ब्लॉक समिति सदस्यों को गांवों में विकास लक्ष्य प्राप्त करने पर चयनित किया गया है। पंचायत में महिलाओं के विकास के साथ ही अन्य योजनाओं को धरातल पर उतारने में पंचायत समिति के सदस्य सफल रहे हैं। इसमें छठ घाट, गली का चौड़ीकरण, सड़क का निर्माण, वर्ष 2022- 23 में पंचायत में गर्भवती महिलाओं का प्रसव के दौरान मृत्यु दर शून्य, जीविका का बचत खाता सहित आईसीडीएस की ओर से संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति में सुधार, विद्यालय में किशोरियों के नामांकन में वृद्धि, महिलाओं के विकास के लिए काम, गांव में बिजली, पानी, बुढ़ापा पेंशन और सामुदायिक शौचालय का निर्माण सहित अन्य कार्य प्रमुखता के आधार पर कराए गए हैं। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के लिए चयन होने पर समिति के सदस्यों ने बताया कि ईमानदारी से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए उनका चयन किया गया है। यह उपलब्धि व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ ही साथ पूरी पंचायत के लिए गौरव की बात है।
तिंगाव के जुन्हेड़ा, अरवा और इमाममुद्दीनपुर गांव के सरपंच ने अपनी पंचायत में जल पर्याप्त पंचायत थीम पर काम किया। इसमें पीने के लिए पानी और कृषि संबंधित पानी थीम था। पंचायत स्तर पर नल जल योजना के तहत 3 वार्ड में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई। गांव के घरों में शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई और कृषि के क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बेहतर कार्य हुआ। इसके अलावा गांव में सोलर सिस्टम को बढ़ावा दिया गया। इसके अलावा पंचायत में जल संचयन के लिए निजी और सरकारी पोखर की बेहतर तरीके से साफ-सफाई कराई गई है। पौधारोपण के साथ चापाकल लगाए गए हैं ताकि पौधों की सिंचाई करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए सोखते तक बनाए गए है।
-
लोगों से बातचीत
गांव में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करवाया है। जब समिति मेंबर के चुनाव हुए थे तो लोगों ने मुझे भारी मतों से जिताया था। तब से गांव के लोगों को सरकारी योजनाओं जैसे पानी, बिजली, राशन कार्ड सहित अन्य सुविधाएं निशुल्क दिलवाई है। गांव के विकास कार्याें में होने वाले गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाई है। -सुनील कुमार, ब्लाक समिति सदस्य तिंगाव।
-
गांव में पिछले कई वर्षों से लोगों तक सरकारी योजनाओं को निशुल्क पहुंचा रहा हूं। विद्यालय में किशोरियों के नामांकन में वृद्धि, महिलाओं के विकास के लिए काम, कचरा उठाव में महिलाओं की भागीदारी, गांव में बिजली, पानी, बुढ़ापा पेंशन और सामुदायिक शौचालय का निर्माण सहित अन्य कार्य प्रमुखता के आधार पर कराए गए हैं।
-राजवीर भड़ाना, ब्लाक समिति मेंबर पाली।