फरीदाबाद। तीन किशोरी और एक युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी सिंहराज नागर को एसआईटी ने शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। टीम ने आरोपी से पिछले सात दिनों में चार मामलों की पूछताछ की। इसमें 31 दिसंबर को खेड़ी पुल से लापता हुई युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या और साल 2019 से 2021 तक गुमशुदा हुई तीन किशोरियों की दुष्कर्म, हत्या का केस शामिल था। अभी तक की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक सीरियल किलर है। उसने सभी हत्याओं की बात पुलिस टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने कबूली है। आरोपी इससे पहले दोहरे हत्याकांड में भी गिरफ्तार हो चुका है। इसके साथ ही उस पर तीन चोरी और एक ठगी का मामला भी दर्ज है।
खेड़ीपुल थाने से आगरा तक के रिकॉर्ड खंगाले
एसआईटी की टीम ने केसों की गहनता से जांच के लिए खेड़ीपुल से लेकर आगरा तक के थानों के रिकॉर्ड खंगाले हैं। आरोपी सिंहराज को लेकर एसआईटी की टीम शुक्रवार को मथुरा तक जांच करने पहुंची थी। टीम के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद रही। टीम सुबह 9 बजे क्राइम ब्रांच से रवाना हुई। सबसे पहले पुलिस ने पलवल कैंट थाने में जाकर पिछले तीन साल का रिकार्ड खंगाला। इस दौरान अज्ञात शव के बारे में जानकारी एकत्रित की गई। सफल नहीं होने पर पुलिस की टीम आरोपी को लेकर आगरा नहर के साथ-साथ मथुरा तक गई। कई जगह पर फायर ब्रिगेड की टीम ने खांचे फेंककर भी अवशेष तलाशने की कोशिश की, लेकिन टीम को निराशा ही हाथ लगी। एसआईटी ने शुक्रवार को पलवल के कैंट, यूपी के कोसी और मथुरा थाने का रिकॉर्ड खंगाला। इसके साथ ही आगरा तक के थानों को पिछले तीन साल के रिकॉर्ड की जानकारी देने के बारे में सूचित किया है। ज्ञात हो कि आरोपी सिंहराज पर 31 दिसंबर को खेड़ीपुल से युवती को अगवा कर उसकी हत्या व दुष्कर्म का आरोप है। आरोपी ने पूछताछ में इससे पहले भी तीन किशोरियों की हत्या करने की बात कबूली है। मामले की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है।