मोबाइल-लैपटॉप से भर सकेंगे फॉर्म, 33 सवालों में परिवार से सुविधाओं तक पूरा ब्यौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में जनगणना को डिजिटल रूप देने के लिए 16 अप्रैल से स्व-गणना ( सेल्फ एन्यूमरेशन ) प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि यह प्रक्रिया 30 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें नागरिक खुद ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक मई से 30 मई तक घर-घर जाकर सत्यापन और मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार इस बार जनगणना को आसान और डिजिटल बनाया गया है। नागरिक मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के जरिये घर बैठे फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करना होगा और डिजिटल मैप पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना होगा। परिवार के सभी सदस्यों, मकान और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भरने के बाद एक यूनिक एसआई आईडी जारी की जाएगी, जिसका उपयोग बाद में सत्यापन के दौरान किया जाएगा।
33 सवालों में पूरी जानकारी जुटेगी
स्व-गणना फॉर्म में करीब 33 सवाल शामिल होंगे, जिनमें परिवार के सदस्यों का विवरण, मकान का प्रकार, पानी-बिजली, शिक्षा, सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसी जानकारी ली जाएगी। साथ ही मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, कंप्यूटर और वाहनों से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी, जिससे जीवन स्तर का सही आकलन हो सके।
डेटा पूरी तरह सुरक्षित, दस्तावेज की जरूरत नहीं
डीसी ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में किसी भी दस्तावेज़ की आवश्यकता नहीं होगी। नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।