एक अन्य हादसे में ऑटो की चपेट में आने से कंप्यूटर ऑपरेटर गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सूरजकुंड रोड पर तेज रफ्तार कार ने पैदल घर लौट रहे सुरक्षा सुपरवाइजर को टक्कर मार दी। वहीं दिल्ली-आगरा हाईवे पर सराय ख्वाजा मार्केट के पास ऑटो की चपेट में आने से कंप्यूटर ऑपरेटर की जान चली गई। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर चालकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। चालकों की तलाश की जा रही है।
पहला हादसा सूरजकुंड थाना क्षेत्र के सूरजकुंड रोड स्थित लेकवुड सिटी गेट के पास नौ नवंबर की शाम करीब 7:45 बजे हुआ। मूलरूप से गड़ैला (जौनपुर, यूपी) निवासी ध्रुवराज सिंह लक्कड़पुर के शिव दुर्गा विहार में किराये पर रहते थे। वह डिवाइन सिक्योरिटी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। परिवार में वही अकेले कमाने वाले थे। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा एसएससी की तैयारी कर रहा है। सेक्टर-80 निवासी रिश्तेदार सुशील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दिवाली की शुभकामनाएं देने ध्रुवराज के पास आए थे। शाम को दोनों लेकवुड सिटी के गेट से बाहर निकले। सुशील अपने घर चले गए और ध्रुवराज पैदल किराये के मकान की ओर चल पड़े। इसी दौरान अनंगपुर गांव की तरफ से आई अज्ञात कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। चालक वाहन लेकर भाग गया। ध्रुवराज को एंबुलेंस से एशियन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने 10 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
दूसरी वारदात सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मथुरा रोड पर सराय मार्केट स्थित डिस्कवरी शराब ठेके के पास हुई। बदरपुर की बीटीपीएस कॉलोनी निवासी संजय एक निजी कंपनी में फुल टाइम कंप्यूटर ऑपरेटर था। इसके साथ ही वह पार्ट टाइम डिलीवरी का काम भी करता था। 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह डिलीवरी के सिलसिले में फरीदाबाद आया था। सर्विस रोड पैदल पार करते समय तेज रफ्तार ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक घायल संजय को बीके अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करने के बाद वह वहां से भाग गया। मृतक के पिता बल बहादुर और छोटे भाई नीरज की शिकायत पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने 11 नवंबर को ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। संजय की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी और उसका एक बेटा है। परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई भी है।