पुलिस की ओर से किए गए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
05 जॉन में बांटा परिसर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड दिवाली उत्सव मेले की सुरक्षा में 700 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। फरीदाबाद पुलिस की ओर से मेला परिसर की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने मेला परिसर को पांच जॉन में बांटा है। इसके लिए पुलिस उपायुक्त एनआईटी मकसूद अहमद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पर्यटन विभाग, हरियाणा सरकार की ओर से द्वितीय दिवाली उत्सव मेला का सूरजकुंड में आयोजन किया जा रहा है। यह मेला दो से सात अक्तूबर तक चलेगा। मेला ड्यूटी के लिए फरीदाबाद पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मेला परिसर के पुलिस की ओर से बनाए गए प्रत्येक जोन में निरीक्षक स्तर के अधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। मेला के आस-पास पांच स्थानों पर नाकाबंदी रहेगी। मेला ड्यूटी के लिए कमांडो/स्वैट टीम को भी नियुक्त किया गया है।
तीन स्थानों पर रहेगी पार्किंग
तीन स्थानों पर सामान्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें गोल्ड फिन्च के सामने, ताज विवांता होटल के सामने व दिल्ली गेट के पास महा स्टेज मैदान पर सामान्य पार्किंग की व्यवस्था है। पार्किंग क्षेत्र के आसपास भी पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस बल लगाया गया है।
आमजन से अपील की है कि शांतिपूर्ण तरीके से मेला का आनंद लें। मेले के दौरान अराजकता व अशांति ना फैलाएं। मेले में सभी प्रकार के हथियार व ज्वलनशील वस्तु/पदार्थ पर प्रतिबंध रहेगा। -सतेंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद