कई ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं हैं उपलब्ध, यात्रियों को होगी परेशानी
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। दिवाली से पहले ही फरीदाबाद से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों में कन्फर्म सीट तो दूर की बात वेटिंग टिकट भी नहीं बचे हैं। 17 से 20 अक्तूबर तक फरीदाबाद से गुजरने वाली वैशाली एक्सप्रेस, पंजाब मेल, गोरखधाम, लिच्चीवी एक्सप्रेस और सप्त क्रांति एक्सप्रेस आदि ट्रेनों की लगभग सभी सीटें आरक्षित की जा चुकी हैं। वहीं पंजाब मेल और लिच्चीवी एक्सप्रेस को छोड़ दें तो किसी भी ट्रेन में वेटिंग टिकट भी यात्रियों के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
मुंबई से चलकर फिरोजपुर जाने वाली पंजाब मेल में 18 और 19 अक्तूबर को एक भी वेटिंग सीट तक नहीं है। वहीं 20 अक्तूबर को खबर लिखे जाने तक महज 28 सीटें वेटिंग में उपलब्ध थी। इसके अलावा भटिंडा से गोरखपुर जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस में 16 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक एक भी वेटिंग तक नहीं बची है।
आनंद विहार से सीतामढ़ी जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस में कुछ हद तक यात्रियों के लिए राहत की खबर है। इनमें कम से कम वेटिंग की कुछ टिकटें उपलब्ध हैं। इनमें 19, 20 और 21 अक्तूबर को 93, 97 और 111 टिकटें वेटिंग के लिए उपलब्ध हैं। वैशाली एक्सप्रेस भी आगामी दिनों के लिए लगभग पूरी तरह अभी से भर चुकी है। 18 अगस्त से 25 अगस्त तक एक भी वेटिंग टिकट नहीं खाली है।
वहीं सप्त क्रांति एक्सप्रेस में भी 18 और 19 अक्तूबर को एक भी सीट नहीं है जबकि 20 और 21 अक्तूबर को वेटिंग की कुछ टिकटें उपलब्ध हैं।
रेलवे कर्मियों ने बताया कि लगभग सभी ट्रेनों की सीटें अभी से भर चुकी हैं। वेटिंग टिकटें भी नहीं बची हैं। जो कुछ वेटिंग टिकट उपलब्ध हैं भी तो वह जल्द ही भर जाएंगी।