बीके अस्पताल में खांसी, जुकाम, बुखार और सिर दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बरसात के बाद मौसम ने करवट ले ली है। दिन में हल्की धूप और सुबह-शाम बढ़ती ठंड ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। बीके अस्पताल में खांसी, जुकाम, बुखार और सिर दर्द के मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अस्पताल में 140 से 150 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। विभाग के अनुसार 6 अक्तूबर को हुई बारिश के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आई है।
खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस बदलते मौसम की चपेट में आ रहे हैं। बीके अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि यह मौसमी संक्रमण है, जो तापमान में उतार-चढ़ाव की वजह से बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि इस समय एसी और कूलर का इस्तेमाल न करें और ठंडा पानी पीने से बचें। इसके अलावा भीगने से बचने और शरीर को पूरा ढकने वाले कपड़े पहनने की सलाह दी है। डॉक्टर ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव के चलते शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। ऐसे में लोग जल्दी बीमार पड़ रहे हैं। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं खानपान पर ध्यान देने, गर्म पानी पीने और हल्का गर्म भोजन करने की सलाह दी है। डॉक्टर ने बताया कि यदि किसी को लगातार बुखार या खांसी-जुकाम की शिकायत हो तो डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।