जिले में नए टीबी मरीजों की तलाश शुरू
फरीदाबाद। टीबी नियंत्रण विभाग ने संभावित टीबी मरीजों की जल्द से जल्द पहचान के लिए ट्रेसिंग अभियान की शुरुआत कर दी है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम कॉलोनियों व स्लम बस्तियों में जाकर टीबी के लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर रही है। यह अभियान पांच फरवरी तक जारी रहेगा। प्रत्येक माह की 14 तारीख को निक्षय दिवस मनाया जा रहा है। अब डोर-टू-डोर दो सप्ताह से अधिक खांसी वाले मरीजों की पहचान की जा रही है। ऐसे मरीजों की पहचान कर टीबी जांच की जाएगी। टीबी की पुष्टि होने पर इलाज के लिए भी मरीजों को 500 रुपये पोषाहार के लिए दिए जाएंगे।
टीबी के मुख्य लक्षण
- दो सप्ताह से ज्यादा खांसी
- सीने में दर्द, खांसी
- सांस लेने में परेशानी
- लगातार वजन कम होना
- रात में पसीना आना, ठंड लगना, भूख नहीं लगना
इन इलाकों में चलेगा अभियान
राहुल कॉलोनी, एसी नगर, कृष्णा नगर झुग्गी, जवाहर कॉलोनी, पर्वतिया कॉलोनी, एसजीएम नगर, भारत कॉलोनी, न्यू जनता कॉलोनी, बसेलवा सहित कुछ अन्य चिह्नित क्षेत्र।
छह हजार से अधिक हैं मामले
टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के संयोजक सुभाष गहलोत ने बताया कि जिले में अब तक छह हजार से अधिक टीबी के मरीजों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 4810 मरीज स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न केंद्रों से चिह्नित किए गए हैं। वहीं 1250 मरीज निजी अस्पतालों में चिह्नित किए गए हैं। वहीं मल्टी ड्रग रेसिस्टेंस (एमडीआर) के 215 और एक्सटेंसिवली ड्रग रेसिस्टेंस (एक्सडीआर) के चार मरीज हैं।
लक्ष्य है कि अधिक से अधिक टीबी के मरीजों की पहचान हो। इसके बाद ही टीबी संक्रमण मुक्त देश का सपना साकार होगा। इसलिए जिला स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
- डॉ . शीला भगत, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी