संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। आगामी 9 मार्च को संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में नई दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित किसान संसद में जिले के किसान नेता भी भाग लेंगे। यह निर्णय अखिल भारतीय किसान सभा की जिला कमेटी की बैठक में लिया गया। जाट धर्मशाला में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान रूपराम तेवतिया ने की, जबकि संचालन जिला सचिव दरयाब सिंह ने किया।
किसान नेताओं ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील की कड़ी निंदा की। उनका कहना था कि यह समझौता दबाव में किया जा रहा है, जो भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ है। इसके साथ ही अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों की भी निंदा की। बैठक में 7 मार्च से गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाने तथा 8 मार्च को देवीलाल पार्क में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में भागीदारी का निर्णय लिया गया।