तेजधार हथियार से हमला करने का आरोप, छह नामजद समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ऑल एस्कॉटर्स एम्प्लाइज यूनियन के संस्थापक सुभाष सेठी की श्रद्धांजलि सभा में आपसी मतभेद भुलाकर समझौते के साथ आगे बढ़ने की बात रखना यूनियन सदस्य को भारी पड़ गया। पीड़ित का आरोप है कि उसके विचार रखने से नाराज होकर कुछ लोगों ने मारपीट की। आरोप है कि चाकू जैसे तेजधार हथियार से हमला किया।
पुलिस के मुताबिक, पाली गांव निवासी पीड़ित राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 17 सितंबर की शाम यूनियन सदस्यों के साथ संस्थापक सुभाष सेठी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने गया था। सभा के दौरान उसे अपने विचार रखने के लिए बुलाया गया। राजकुमार के अनुसार उसने यूनियन में चल रहे आपसी मतभेदों को भुलाकर आपसी समझौते और साथ मिलकर आगे बढ़ने की बात रखी। आरोप है कि उसकी बात से कुछ लोग नाराज हो गए। शिकायत के अनुसार सचिन, जो यूनियन के पूर्व जनरल सेक्रेटरी हैं, वजीर सिंह डागर और ललित गोस्वामी सभा में मौजूद थे। राजकुमार का आरोप है कि उन्होंने अपने साथ आए लोगों को उसे पीटने का इशारा किया। इसके बाद भूपेंद्र निवासी ऊंचा गांव, सोनू उर्फ श्यामराज निवासी पलवल, मनोज चंदीला निवासी बड़ौली, राहुल, राहुल भाटी और प्रदीप राणा ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। राजकुमार का आरोप है कि ललित गोस्वामी ने दोबारा हमला करने के लिए उकसाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि एमएलआर में तीन चोट दर्ज हैं। कोतवाली थाना ने 18 सितंबर को शिकायत पर छह नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
करीब 50 साल पहले हुई थी यूनियन की स्थापना
ऑल एस्कॉटर्स एम्प्लाइज यूनियन की स्थापना बल्लभगढ़ के डीग गांव निवासी सुभाष सेठी ने 50 वर्ष पहले की थी। यूनियन के सदस्यों का कहना है कि डीग गांव छोड़कर बल्लभगढ़ आकर रहने लगे थे। सुभाष सेठी अपने दौर के बड़े कर्मचारी नेताओं में से एक थे। सुभाष सेठी ने 1982 में लोकदल की टिकट पर बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था लेकिन वह चुनाव हार गए थे।